राष्ट्रीय समाचार

ट्रम्प की मीडिया कंपनी को 2,261 करोड़ रुपये का घाटा, 3 महीने में सिर्फ 16 करोड़ की कमाई

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मीडिया कंपनी ट्रम्प मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप को अप्रैल से जून 2026 के बीच बड़ा घाटा हुआ है। कंपनी को इस दौरान करीब 2,261 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि उसकी कुल कमाई सिर्फ 16.15 करोड़ रुपये रही।

जनवरी से जून 2026 के छह महीने की बात करें तो कंपनी का कुल नेट लॉस करीब 6,118 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी की कुल कमाई सिर्फ 23.75 करोड़ रुपये थी। यानी छह महीने में कंपनी का घाटा उसकी कमाई से करीब 258 गुना अधिक रहा।

कंपनी ने अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के पास दाखिल रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल से जून की तिमाही में कंपनी का घाटा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में काफी बढ़ा है।

डिजिटल एसेट्स की कीमत गिरने से बड़ा नुकसान

कंपनी के घाटे की प्रमुख वजह डिजिटल एसेट्स और शेयरों की कीमतों में गिरावट रही। इनकी वैल्यू कम होने से कंपनी को करीब 1,809 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज करना पड़ा।

इसके अलावा कंपनी पर करीब 111 करोड़ रुपये का ब्याज खर्च आया, जबकि शेयर आधारित भुगतान के रूप में करीब 77 करोड़ रुपये खर्च हुए।

इसके मुकाबले कंपनी की कमाई काफी कम रही। अप्रैल से जून के बीच करीब 13.6 करोड़ रुपये विज्ञापन से और 1.7 करोड़ रुपये सब्सक्रिप्शन से प्राप्त हुए।

ट्रुथ सोशल कंपनी का प्रमुख प्लेटफॉर्म

ट्रम्प मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप का प्रमुख प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल है। इसके अलावा कंपनी ट्रुथ प्लस वीडियो स्ट्रीमिंग और ट्रुथ एफआई के जरिए फिनटेक कारोबार भी करती है।

पिछले कुछ समय में कंपनी ने डिजिटल और क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में भी विस्तार किया है। हालांकि, इन क्षेत्रों में उतार चढ़ाव का कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर असर पड़ा है।

ट्रुथ सोशल की वेबसाइट पर घटे विजिटर

ट्रम्प ने 2022 में ट्रुथ सोशल की शुरुआत की थी। यह उनका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, लेकिन यूजर्स और विजिट के मामले में यह बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से काफी पीछे है।

ऑनलाइन ट्रैफिक के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 में ट्रुथ सोशल की वेबसाइट पर आने वाले लोगों की संख्या पिछले साल की तुलना में एक तिहाई से ज्यादा घट गई।

खराब नतीजों के बाद शेयर में करीब 8 फीसदी गिरावट

ट्रम्प मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप के शेयर अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक पर DJT नाम से कारोबार करते हैं। कंपनी के वित्तीय नतीजे सामने आने के बाद सोमवार को इसके शेयरों में करीब 8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

कंपनी के ताजा आंकड़ों से उसकी कम कमाई और बढ़ते घाटे के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। डिजिटल एसेट्स की कीमतों में उतार चढ़ाव और मुख्य कारोबार से सीमित आय कंपनी के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)