राष्ट्रीय समाचार

विंध्य में तमसा, बेलन और नैना नदियों का जलस्तर बढ़ा, सीधी में 104 करोड़ की सड़क बही

 

मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ, चक्रवाती सिस्टम और निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से बारिश का मजबूत दौर बना हुआ है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश हो रही है। इसके कारण कई नदियां उफान पर हैं और कुछ जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। शनिवार को भी प्रदेश के 16 जिलों में बहुत भारी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार सिवनी और बालाघाट में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे के दौरान इन जिलों में 4 से 8 घंटे तक बारिश होने की संभावना है।

दतिया, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा और अशोकनगर में भारी बारिश की चेतावनी है।

वहीं भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।

अगले तीन दिन बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक प्रदेश में इस समय तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से तेज बारिश का दौर बना हुआ है। पूर्वी हिस्से के अलावा उत्तर और मध्य क्षेत्रों में भी बारिश हो रही है।

शनिवार को कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। 24 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने के संकेत हैं।

मऊगंज, सतना और चित्रकूट में नदियां उफान पर

विंध्य क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। शुक्रवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर देर रात तक जारी रहा। शनिवार सुबह तक रीवा और आसपास के कई जिलों में स्थिति प्रभावित रही।

रीवा शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया है। निचले इलाकों की सड़कें पानी में डूबने से आवागमन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। तमसा, बेलन और नैना नदी में भी पानी बढ़ने से आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ गई है।

नागौद में 24 घंटे में 6.4 इंच बारिश

सतना जिले में भी बारिश का दौर लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में नागौद में 6.4 इंच बारिश दर्ज की गई। यह इस मानसून सीजन में जिले में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है।

1 जून से 21 अगस्त तक जिले में औसतन 32.2 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। यह सामान्य बारिश से करीब 5 इंच अधिक है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

पिछले 24 घंटे में सोहावल में 5.2 इंच, मझगवां में 4.2 इंच, जसो में 4.1 इंच, रामपुर बघेलान में 2.8 इंच, रघुराजनगर में 1.6 इंच, उचेहरा में 1.2 इंच और बिरसिंहपुर में 0.2 इंच बारिश दर्ज की गई।

सीधी में 104 करोड़ की सड़क क्षतिग्रस्त, गांवों का संपर्क प्रभावित

सीधी जिले में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश ने कई जगहों पर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रामपुर नैकिन जनपद में करीब 104 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की गई नई सड़क बारिश के पानी के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गई।

इसके अलावा पहाड़ी इलाकों से मलबे और पत्थरों के गिरने के कारण कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित हुआ है। कुछ स्थानों पर सड़कें बंद होने से आसपास के कई गांवों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के कारण प्रशासन और स्थानीय लोगों के सामने आवागमन बहाल करने की चुनौती बनी हुई है।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)