भोपाल के आवासीय क्षेत्रों में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और कार्रवाई नहीं होने से नाराज रहवासी शनिवार को एक बार फिर सड़क पर उतरेंगे। गुलमोहर क्षेत्र में शाम को टॉर्च लाइट रैली निकाली जाएगी। इसमें अरेरा कॉलोनी, बावड़ियाकलां सहित आसपास के कई क्षेत्रों के रहवासी शामिल होंगे।
रहवासियों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद आवासीय इलाकों में चल रहे अवैध व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि नगर निगम ने कार्रवाई का दावा जरूर किया, लेकिन जमीन पर हालात अब भी पहले जैसे बने हुए हैं।
बंद प्रतिष्ठानों पर लगाए जा रहे किराए के बोर्ड
याचिकाकर्ता और अरेरा कॉलोनी निवासी विवेक त्रिपाठी के मुताबिक 1 अगस्त को नगर निगम ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद कुछ संस्थानों ने अपने प्रतिष्ठानों पर निगम के निर्देश के चलते बंद होने की सूचना भी लगाई थी।
अब रहवासियों का कहना है कि उन्हीं स्थानों पर टू-लेट के बोर्ड दिखाई दे रहे हैं। इन दुकानों और प्रतिष्ठानों के लिए नए किराएदार तलाशे जा रहे हैं। रहवासियों के मुताबिक इससे सवाल उठता है कि अवैध व्यावसायिक गतिविधियों को रोकने के लिए की गई कार्रवाई कितनी प्रभावी रही।
सीलिंग और ध्वस्तीकरण की मांग
रहवासियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 मई 2026 को आवासीय परिसरों में किए जा रहे गैरकानूनी निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने और एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद नगर निगम ने कई अवैध निर्माण चिन्हित करने और कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी। अब रहवासी सवाल उठा रहे हैं कि जब अवैध निर्माणों की पहचान हो चुकी है तो उन्हें सील करने और जरूरत पड़ने पर तोड़ने की कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
उनकी मांग है कि केवल नोटिस, सर्वे और कागजी प्रक्रिया तक कार्रवाई सीमित न रहे। अवैध निर्माणों को सील करने की ठोस कार्रवाई की जाए।
व्यावसायिक गतिविधियों से कई समस्याएं
रहवासियों के अनुसार आवासीय भूखंडों पर बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होने से क्षेत्र की शांति और सुरक्षा प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही पार्किंग, यातायात, प्रदूषण और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ रहा है।
उनका कहना है कि यदि नगर निगम केवल नोटिस जारी करता रहेगा और आगे की कार्रवाई नहीं होगी तो अवैध व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सेवाएं मार्केट से शुरू होगा मार्च
संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति के नेतृत्व में शनिवार शाम टॉर्च लाइट मार्च निकाला जाएगा। मार्च गुलमोहर स्थित सेवाएं मार्केट से शुरू होगा। रहवासी इस प्रदर्शन के जरिए आवासीय इलाकों में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने और चिन्हित निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग करेंगे।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)