भोपाल में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए यूपीएससी और एमपीपीएससी की निशुल्क कोचिंग का नया बैच शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन की पहल पर संचालित इस कोचिंग में 50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन आज से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेंगे। चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
कोचिंग की शुरुआत 5 सितंबर से पॉलीटेक्निक चौराहा स्थित हिंदी भवन में होगी। इस पहल की शुरुआत जिला प्रशासन ने करीब दो साल पहले की थी। इसका उद्देश्य उन विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग फीस नहीं भर सकते।
कोचिंग में प्रशासनिक अधिकारी भी विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। इसके साथ ही कॉलेज प्रोफेसर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े लोगों और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। पढ़ाने में रुचि रखने वाले अधिकारी नियमित रूप से एक से दो घंटे की कक्षाएं लेंगे।
निशुल्क कोचिंग का संचालन जिला प्रशासन भोपाल के मार्गदर्शन में आदर्श परिवार और आधुनिक नालंदा द्वारा पं. रविशंकर शुक्ल न्यास के सहयोग से किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन और पूरी प्रक्रिया की जानकारी के लिए 8357835433 और 9584732481 पर संपर्क किया जा सकता है। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित अवधि में अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)