केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 (Census 2027) के लिए 40 सवालों की सूची जारी कर दी है। इस बार जनगणना में लोगों से जाति (Caste) से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी। आजादी के बाद पहली बार सभी समुदायों की जातिगत जानकारी जनगणना के दौरान दर्ज की जाएगी।
2011 की जनगणना (Census 2011) में कुल 29 सवाल पूछे गए थे। उस फॉर्म में जाति से जुड़ी जानकारी के लिए केवल SC और ST का विकल्प था। जनगणना 2027 के नए फॉर्म में जाति से जुड़ा सवाल नंबर 10 पर रखा गया है। इसमें SC, ST के साथ जाति की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
पहचान और परिवार से जुड़े 12 सवाल
जनगणना के दौरान व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि और उम्र की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा वैवाहिक स्थिति, शादी के समय उम्र, पति या पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता और धर्म से जुड़े सवाल होंगे।
व्यक्ति की SC, ST और जाति की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। साथ ही माता और पिता से जुड़ी जानकारी भी मांगी जाएगी।
शिक्षा और भाषा पर 5 सवाल
शिक्षा से जुड़े हिस्से में दिव्यांगता, मातृभाषा और दूसरी भाषाओं की जानकारी ली जाएगी। व्यक्ति साक्षर है या नहीं और उसकी डिजिटल साक्षरता की स्थिति भी दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई की वर्तमान स्थिति, सबसे ज्यादा हासिल की गई शैक्षणिक योग्यता और पढ़ाई की स्ट्रीम या विषय के बारे में सवाल पूछा जाएगा।
रोजगार और काम से जुड़े 8 सवाल
जनगणना 2027 (Census 2027) में रोजगार से जुड़ी जानकारी भी दर्ज होगी। व्यक्ति ने पिछले एक साल में काम किया है या नहीं, उसकी आर्थिक गतिविधि, व्यवसाय और काम के क्षेत्र के बारे में पूछा जाएगा।
इसके अलावा कामगार की श्रेणी, गैर आर्थिक गतिविधि, काम की तलाश या काम करने की उपलब्धता और कार्यस्थल तक आने जाने की जानकारी भी ली जाएगी।
जन्म और माइग्रेशन से जुड़ी जानकारी
जन्म और माइग्रेशन (Migration) से जुड़े 8 सवालों में व्यक्ति के जन्मस्थान, पिछले निवास स्थान और वहां रहने की अवधि के बारे में जानकारी ली जाएगी। माइग्रेशन का कारण और स्थायी निवास का पता भी दर्ज किया जाएगा।
महिलाओं से जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे बच्चों की संख्या और पिछले एक साल में जन्मे बच्चों से जुड़ी जानकारी भी मांगी जाएगी।
कोविड वैक्सीन और बैंक अकाउंट की भी जानकारी
जनगणना के अंतिम हिस्से में दस्तावेज और अन्य सुविधाओं से जुड़े 7 सवाल होंगे। इनमें कोविड 19 वैक्सीन (Covid 19 Vaccine) कहां लगवाई थी, कुल कितने बैंक अकाउंट (Bank Account) हैं और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी शामिल होगी।
इसके साथ आधार नंबर (Aadhaar Number), वोटर ID (Voter ID), पासपोर्ट नंबर (Passport) और ड्राइविंग लाइसेंस (Driving Licence) उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी भी पूछी जाएगी।
जनगणना 2027 में पहली बार जाति का पूरा रिकॉर्ड
नई जनगणना की सबसे महत्वपूर्ण बात जाति से जुड़ी जानकारी का शामिल होना है। जनगणना 2027 में SC, ST और अन्य जातियों की जानकारी दर्ज की जाएगी। इससे देश में अलग अलग सामाजिक और जनसांख्यिकीय समूहों से जुड़ा विस्तृत आंकड़ा तैयार होगा।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)