राष्ट्रीय समाचार

शर्मिला टैगोर की ‘वंदे मातरम्’ टिप्पणी पर कंगना की प्रतिक्रिया, बोलीं- हिंदू-मुस्लिम की सोच से ऊपर उठकर कला को समझें



मुंबई। अभिनेत्री शर्मिला टैगोर की ‘वंदे मातरम्’ को लेकर की गई टिप्पणी के बाद कंगना रनोट ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने कहा कि कला और कविता को धार्मिक नजरिए से सीमित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने शर्मिला टैगोर से हिंदू-मुस्लिम के नजरिए से बाहर निकलकर कविता में इस्तेमाल किए गए रूपकों को समझने की अपील की।

कंगना ने शर्मिला टैगोर के इंटरव्यू का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि वह खुश हैं कि शर्मिला ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर अपनी राय खुलकर रखी। कंगना के मुताबिक कविता और गीतों में शब्दों का इस्तेमाल कई बार प्रतीकात्मक रूप में किया जाता है। कलाकार अपने भाव को प्रभावशाली बनाने के लिए कल्पना और अलग-अलग उपमाओं का सहारा लेते हैं।

कंगना ने विवेकानंद का उदाहरण दिया

कंगना ने अपनी बात समझाने के लिए स्वामी विवेकानंद के एक कथन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि विवेकानंद ने ऐसे युवाओं की कल्पना की थी, जिनमें लोहे जैसी मजबूती, फौलाद जैसी हड्डियां और नसों में बिजली जैसी ऊर्जा हो।

कंगना ने कहा कि विवेकानंद वास्तव में मौसम या शरीर की स्थिति का वर्णन नहीं कर रहे थे, बल्कि युवाओं के भीतर शक्ति और आत्मविश्वास जगाने की बात कर रहे थे।

उन्होंने आगे कहा कि अलग-अलग धार्मिक मान्यताओं के बावजूद लोग एक-दूसरे को अपनापन दे सकते हैं। कंगना ने शर्मिला टैगोर के प्रति स्नेह भी जताया और कहा कि वह उनसे बहुत प्यार करती हैं।

शर्मिला टैगोर ने ‘वंदे मातरम्’ के दो अंतरों को बताया था बेहतर

शर्मिला टैगोर ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि कई धार्मिक लोग एक ईश्वर में विश्वास करते हैं और गीत के कुछ हिस्सों में कई देवी-देवताओं का उल्लेख है।

उनके अनुसार, ऐसे लोगों के लिए गीत के कुछ शब्दों को स्वीकार करना कठिन हो सकता है। उन्होंने कहा था कि अगर देश के सभी धार्मिक समुदायों को साथ लेकर चलना है तो ‘वंदे मातरम्’ के शुरुआती दो अंतरे अच्छे हैं।

शर्मिला टैगोर की इस टिप्पणी पर कंगना ने प्रतिक्रिया दी है। हालांकि, अब तक शर्मिला टैगोर की ओर से कंगना के बयान पर कोई जवाब सामने नहीं आया है।

हाल के बयानों को लेकर भी चर्चा में रही हैं कंगना

कंगना पिछले कुछ समय से अपने कई बयानों के कारण चर्चा में रही हैं। इनमें युवा पीढ़ी, बाबा रामदेव और महिलाओं की स्वतंत्रता से जुड़े उनके बयान शामिल हैं।

Gen-Z को लेकर दिया था बयान

जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन में शामिल युवाओं को लेकर कंगना ने सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने प्रदर्शन से जुड़े वीडियो को लेकर Gen-Z को बेहद आपत्तिजनक शब्दों में संबोधित किया था।

विवाद बढ़ने के बाद कंगना ने सफाई दी थी कि उनका निशाना देश के सभी युवाओं पर नहीं था। उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणी प्रदर्शन में मौजूद एक खास समूह को लेकर थी।

बाबा रामदेव को भी दिया जवाब

बाबा रामदेव की ओर से कंगना को लेकर की गई टिप्पणी के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर जवाब दिया था। कंगना ने कहा था कि उन्हें उनकी निजी जिंदगी और जवानी को लेकर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें चरित्र को लेकर उपदेश देने की जरूरत नहीं है।

महिलाओं की आजादी पर भी रख चुकी हैं राय

कंगना ने इससे पहले पश्चिमी सोच से प्रभावित कुछ भारतीय महिलाओं को लेकर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कुछ महिलाएं नशे, शराब और कई यौन संबंधों को स्वतंत्रता के रूप में पेश करती हैं।

उनकी इस टिप्पणी को लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। अभिनेत्री के बयानों पर अक्सर समर्थन और विरोध दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती हैं।





✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)