राजधानी भोपाल में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। जनवरी से जुलाई 2026 के बीच शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 300 से अधिक नकबजनी और सूने घरों में चोरी के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। यानी हर महीने औसतन 43 से ज्यादा घर चोरी की घटनाओं से प्रभावित हुए।
पिछले वर्ष शहर में नकबजनी के 452 मामले सामने आए थे। इस साल भी चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के बीच कई मामलों में पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। कुछ चर्चित मामलों में संदिग्धों की पहचान होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
रिटायर्ड जज के घर चोरी में अब तक गिरफ्तारी नहीं
रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के सूने मकान में हुई लाखों रुपए की चोरी का मामला भी अभी तक पूरी तरह नहीं सुलझा है। पुलिस की ओर से वारदात में शामिल गिरोह की पहचान होने की बात कही जा चुकी है, लेकिन कई सप्ताह गुजरने के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
चोर आमतौर पर वारदात से पहले सूने मकानों की निगरानी करते हैं। वे कई दिनों तक घर के लोगों की दिनचर्या पर नजर रखते हैं। परिवार के बाहर जाने की पुष्टि के बाद मौका देखकर ताले तोड़कर नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं।
काम से बाहर गए मैनेजर के घर चोरी
हाल ही में कोलार रोड की राजवेद कॉलोनी में रहने वाले एरिया मैनेजर राहुल लोखंडे काम के सिलसिले में बैतूल गए थे। वापस लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर एक्टिवा, सोने की अंगूठी और गुल्लक में रखी नकदी ले गए।
इस तरह की वारदातों में चोर पहले यह पता लगाते हैं कि घर कितने समय तक खाली रहेगा। इसके बाद मौका मिलने पर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।
पुराने अपराधियों के साथ बाहरी गिरोहों पर भी नजर
पुलिस के अनुसार शहर में सक्रिय चोर गिरोह पहले कॉलोनियों और घरों की निगरानी करते हैं। कई घंटे तक मकान खाली रहने की पुष्टि के बाद वारदात की जाती है। नकबजनी के मामलों में पुराने अपराधियों के अलावा दूसरे राज्यों से जुड़े गिरोहों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
चांदी के शोरूम में सेंध लगाकर लाखों की ज्वेलरी चोरी
हबीबगंज इलाके की साढ़े दस नंबर अरेरा कॉलोनी स्थित ईवी एक्सक्लूसिव सिल्वर ज्वेलरी शोरूम में भी चोरों ने सेंध लगाई। बदमाश पीछे की ओर लगी ग्रिल काटकर शोरूम के अंदर दाखिल हुए और बड़ी मात्रा में चांदी की ज्वेलरी लेकर निकल गए।
शोरूम मैनेजर अविनाश वाघ के मुताबिक शुक्रवार रात शोरूम बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब शोरूम खोला गया तो डिस्प्ले का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर चांदी की कई ज्वेलरी गायब मिलीं।
बदमाश पहली मंजिल पर लगी ग्रिल की जाली हटाकर अंदर पहुंचे थे। वारदात के बाद वे मौके से फरार हो गए।
सूरत कार्यालय से स्टॉक का मिलान जारी
शोरूम में मौजूद मुख्य स्टॉक और रिकॉर्ड का कंपनी के सूरत स्थित मुख्य कार्यालय से मिलान किया जा रहा है। स्टॉक की जांच पूरी होने के बाद चोरी हुए सामान की सही मात्रा, सूची और अनुमानित कीमत पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान के साथ उनकी जल्द गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करना बड़ी चुनौती बनी हुई है।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)