भोपाल। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को भोपाल में मुस्लिम समाज की ओर से जुलूस निकाले जा रहे हैं। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी की ओर से मंगलवारा से जुलूस निकाला गया, जबकि अशोका गार्डन क्षेत्र से भी चल समारोह आयोजित किया गया। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
मंगलवारा से निकलने वाला जुलूस इतवारा मस्जिद से शुरू होकर तय रास्तों से गुजरते हुए पीरगेट पहुंचेगा और इमामी गेट पर इसका समापन होगा। इसमें विभिन्न अखाड़ों के दल भी शामिल हैं। अखाड़ों के सदस्य पारंपरिक कला और शौर्य प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन शहर की साझा सांस्कृतिक परंपरा और आपसी भाईचारे का संदेश देने का माध्यम है।
सभी जुलूसों को एक साथ लाने की अपील
कमेटी के संरक्षक शमशुअल हसन बल्ली ने अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले जुलूसों को इमामी गेट पर एक साथ समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने सामाजिक और मुस्लिम संगठनों से इस आयोजन में साथ आने का आग्रह किया।
कमेटी ने यह भी कहा कि जुलूस को सामाजिक और धार्मिक सद्भाव का मंच बनाए रखना ही उसका उद्देश्य है। राजनीतिक दखल को लेकर कमेटी ने आपत्ति जताई है।
अशोका गार्डन से भी निकला जुलूस
मिलादुन्नबी के मौके पर अशोका गार्डन से भी चल समारोह शुरू हुआ। इसमें समाज के वरिष्ठ लोगों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। बच्चों में आयोजन को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।
जुलूस को देखते हुए यातायात व्यवस्था बदली
शहर में दो स्थानों से जुलूस निकलने के कारण यातायात पुलिस ने पुराने और नए शहर के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।
मंगलवारा क्षेत्र में दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और अशोका गार्डन क्षेत्र में दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार यातायात को बदला जाएगा।
मंगलवारा के जुलूस के दौरान भारत टॉकीज से सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा और छावनी रोड से मंगलवारा थाना की तरफ जाने वाले रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा। काली मंदिर तलैया से बुधवारा, कोतवाली और इब्राहिमपुरा की ओर जाने वाला रास्ता तथा मोती मस्जिद से बुधवारा की ओर जाने वाला मार्ग भी आवश्यकता के अनुसार परिवर्तित रहेगा।
जुलूस के मोती मस्जिद और पीरगेट पहुंचने के समय संबंधित रास्तों पर भी यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। जुलूस मार्ग पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों, अनुमति वाले वाहनों तथा सिटी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इन वैकल्पिक रास्तों से जा सकेंगे वाहन
रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज और हमीदिया रोड होकर वाहन गुजर सकेंगे। मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क और पॉलीटेक्निक चौराहा होकर भी वाहन आवागमन कर सकेंगे।
नादरा बस स्टैंड से निकलने वाले वाहन अल्पना तिराहा, संगम तिराहा, सब्जी मंडी, ओवरब्रिज, बजरिया तिराहा और 80 फीट रोड होते हुए नए शहर की ओर जा सकेंगे।
नए शहर, न्यू मार्केट और मैदा मिल की तरफ से आने वाले वाहन कमला पार्क, रेतघाट, सदर मंजिल, रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, शाहजहांनाबाद थाना तिराहा और हमीदिया रोड होकर पुराने शहर तथा मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे।
तलैया थाना और काली मंदिर की ओर से बुधवारा तथा भारत टॉकीज जाने वाले वाहन लिली टॉकीज चौराहा, जिंसी चौराहा और पुलिस कंट्रोल रूम की तरफ से निकल सकेंगे।
अशोका गार्डन का जुलूस जिंसी चौराहे पर खत्म होगा
अशोका गार्डन का चल समारोह अशोका गार्डन से शुरू होकर पुष्प नगर पुलिया, नूतन नगर रोड, ऐशबाग रोड, सोनिया कॉलोनी चौराहा, दुर्गा धाम मंदिर रोड, अशोका गार्डन थाना, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा और प्रभात चौराहा होते हुए सुभाष नगर ओवरब्रिज पहुंचेगा।
इसके बाद जुलूस स्लाटर हाउस के सामने से जिंसी चौराहा पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।
परिहार चौराहे पर जुलूस पहुंचने के दौरान प्रभात की ओर से आने वाले वाहनों को आईटीआई की तरफ भेजा जाएगा। प्रभात चौराहा प्रभावित होने पर सुभाष फाटक और परिहार चौराहा की ओर से आने वाले वाहन अशोका गार्डन और पंजाब बाग होकर निकल सकेंगे।
सुभाष नगर ओवरब्रिज पर जुलूस पहुंचने के दौरान प्रभात चौराहा, एसबीआई तिराहा और जिंसी की ओर से आने वाले वाहनों को तलैया, लिली चौराहा और कंट्रोल रूम के रास्ते भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस की लोगों से अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से जुलूस के दौरान प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचने और बताए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
यातायात से जुड़ी किसी परेशानी या जानकारी के लिए कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0755 2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)