राष्ट्रीय समाचार

बीना यार्ड रीमॉडलिंग से 16 ट्रेनें रद्द, 48 ट्रेनों के रूट और नंबर में बदलाव

बीना रेलवे स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते सितंबर और अक्टूबर में ट्रेनों के संचालन में किए गए बदलावों को रेलवे ने आंशिक रूप से संशोधित किया है। इस दौरान 16 ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि 48 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों के नंबर में बदलाव किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए मालखेड़ी, भोपाल, कटनी और कटनी साउथ स्टेशन पर कई ट्रेनों को अस्थायी ठहराव भी दिया गया है। इसके अलावा कुछ मेमू ट्रेनों के प्रारंभ और अंतिम स्टेशन में परिवर्तन किया गया है।

बीना स्टेशन यार्ड में आगासौद-बीना के बीच बन रही तीसरी रेल लाइन को बीना स्टेशन से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य होना है। निर्माण कार्य के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने पहले जारी किए गए आदेश में संशोधन किया है।

चार ट्रेनों के नंबर बदले

बीना होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। दादर-बलिया, बलिया-दादर, दादर-गोरखपुर और गोरखपुर-दादर विशेष सेवाएं अब नए ट्रेन नंबरों के साथ संचालित होंगी। दादर-बलिया ट्रेन अब 01025 की जगह 11043, बलिया-दादर 01026 के स्थान पर 11044, दादर-गोरखपुर 01027 की जगह 11047 और गोरखपुर-दादर 01028 के स्थान पर 11048 नंबर से चलेगी।

मालखेड़ी पर कई ट्रेनों को दो मिनट का ठहराव

गुना-रूठियाई-मक्सी क्षेत्र से बदले हुए मार्ग पर चलने वाली कई ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के लिए मालखेड़ी स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। इनमें डॉ. अंबेडकर नगर-रीवा 11704, हावड़ा-इंदौर 22912, अहमदाबाद-दरभंगा 15560, भुज-शालीमार 22829, अहमदाबाद-कोलकाता 19413, अहमदाबाद-पटना 19421, बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर 19091 और अहमदाबाद-गोरखपुर 19489 समेत कई ट्रेनें शामिल हैं।

वापसी दिशा में रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर 11703, इंदौर-हावड़ा 22911, दरभंगा-अहमदाबाद 15559, शालीमार-भुज 22830, कोलकाता-अहमदाबाद 19414, पटना-अहमदाबाद 19422, गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस 19092 और गोरखपुर-अहमदाबाद 19490 को भी मालखेड़ी स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव मिलेगा।

वेरावल-जबलपुर ट्रेन अब भोपाल में रुकेगी

वेरावल-जबलपुर 11465 और जबलपुर-वेरावल 11466 को भी परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दोनों ट्रेनों को निशातपुरा की जगह भोपाल स्टेशन पर पांच मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। ट्रेन नंबर 11465 का बदला हुआ संचालन 10 और 12 अक्टूबर को तथा 11466 का 9 और 12 अक्टूबर को रहेगा।

कटनी में चार ट्रेनों का अस्थायी ठहराव

लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया 11071, बलिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस 11072, रानी कमलापति-रीवा 12185 और रीवा-रानी कमलापति 12186 को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। यात्रियों को सुविधा देने के लिए इन ट्रेनों को कटनी स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।

ट्रेन 11071 और 11072 के लिए यह व्यवस्था 7 से 14 अक्टूबर तक लागू रहेगी। वहीं 12185 और 12186 का परिवर्तित संचालन 8 से 14 अक्टूबर तक रहेगा।

कटनी साउथ पर आठ ट्रेनों को ठहराव

हावड़ा-भोपाल 13025, भोपाल-हावड़ा 13026, भोपाल-धनबाद 11631, धनबाद-भोपाल 11632, भोपाल-चोपन 11633, चोपन-भोपाल 11634, भोपाल-सिंगरौली 22165 और सिंगरौली-भोपाल 22166 को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इन सभी ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के लिए कटनी साउथ स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।

इसके अलावा तिरुचिरापल्ली-भगत की कोठी ट्रेन 20482 को 3 और 10 अक्टूबर को बीना के बजाय भोपाल-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-कोटा-सवाई माधोपुर मार्ग से चलाया जाएगा।

चार मेमू ट्रेनों के प्रारंभ और अंतिम स्टेशन में बदलाव

यार्ड रीमॉडलिंग के कारण चार मेमू ट्रेनों के प्रारंभ और समापन स्टेशन में भी बदलाव किया गया है। कोटा-बीना मेमू 61633 को 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक बीना के बजाय मुंगावली में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।

बीना-भोपाल मेमू 11606 और 61632 को 7 से 15 अक्टूबर तक बीना की जगह मंडी बामोरा से शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। इसी अवधि में भोपाल-बीना मेमू 11605 का संचालन मंडी बामोरा तक किया जाएगा और वहीं इसका अस्थायी समापन होगा।

बीना स्टेशन पर ठहराव का समय भी घटाया

रीमॉडलिंग कार्य के दौरान बीना स्टेशन पर कई ट्रेनों के ठहराव की अवधि में भी अस्थायी बदलाव किया गया है। जिन ट्रेनों का ठहराव पहले 10 मिनट था, उसे घटाकर दो मिनट कर दिया गया है। वहीं पांच मिनट वाले ठहराव को भी दो मिनट किया गया है।

इन ट्रेनों में डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज, प्रयागराज-डॉ. अंबेडकर नगर, गोरखपुर-पुणे, राजेंद्र नगर-इंदौर, पटना-इंदौर, लखनऊ जंक्शन-भोपाल, गांधीनगर कैपिटल-बनारस, कामाख्या-डॉ. अंबेडकर नगर, बरेली-इंदौर, वाराणसी-इंदौर, इंदौर-वाराणसी और इंदौर-पटना समेत कई सेवाएं शामिल हैं।

14 अगस्त से शुरू हुआ काम, 15 अक्टूबर तक चलेगा

बीना यार्ड रीमॉडलिंग का काम तीन चरणों में पूरा किया जाना है। 14 से 31 अगस्त तक प्री से प्री-नॉन इंटरलॉकिंग का काम होगा। इसके बाद 1 सितंबर से 12 अक्टूबर तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और 13 से 15 अक्टूबर तक नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य निर्धारित है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सितंबर और अक्टूबर में बीना होकर यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर, मार्ग, ठहराव और प्रारंभ या अंतिम स्टेशन की जानकारी जरूर जांच लें। रेलवे के अनुसार, ये बदलाव निर्धारित निर्माण अवधि तक ही लागू रहेंगे। काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा।

✍️ प्रतिक्रिया दें (Leave a Comment)